नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने सोमवार को सेक्टर-94 से 127 तक संस्थागत क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। कालिंदी कुंज की ओर से नोएडा में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग पर रखरखाव की स्थिति बेहद खराब मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। सीईओ ने प्रवेश मार्ग को आकर्षक बनाने के लिए पेंटिंग कराने, बबूल के पेड़ों को हटाने और रात में बेहतर रोशनी के लिए फैंसी स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मार्ग किनारे अनधिकृत विज्ञापन होर्डिंग्स के कारण फैली अवैध केबलिंग हटाने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद सीईओ ने सेक्टर-94 और 95 के बीच बने अंडरपास का निरीक्षण किया, जहां लो-हाइट बैरियर और रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाने तथा सेक्टर-94 गोलचक्कर के सुधार के आदेश दिए गए। श्मशान घाट के पास अवरुद्ध सड़क के लिए अलाइनमेंट तय कर नए सिरे से सड़क निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात सुचारू हो सके।
निरीक्षण में विभिन्न संस्थागत परिसरों के बाहर बड़े पैमाने पर अवैध पार्किंग पाई गई। इस पर संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी करने को कहा गया। सेक्टर-125, 126 और 127 में पेड़ों की टहनियां अधिक बढ़ी होने पर ट्रिमिंग कराने और सेंट्रल वर्ज में जहां पौधे गायब मिले वहां नए पौधे लगाने के निर्देश दिए गए।
सीईओ ने सेक्टर-125 में कब्रिस्तान के सामने 50 मीटर हिस्से में पायलट प्रोजेक्ट के तहत पार्किंग और फुटपाथ विकसित करने, अनावश्यक रेलिंग हटाकर स्टोर में रखने तथा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और यमुना पुस्ता के समानांतर 45 मीटर चौड़ी सड़क पर जरूरत के अनुसार रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए।
कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत :
सेक्टर-125 में एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने नाले को ढकने के लिए एसएफआरसी कवर दोबारा लगाने और फुटपाथों की आपसी कनेक्टिविटी बेहतर करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा साइकिल स्टैंड पर लगे अनधिकृत विज्ञापन हटाने, सेक्टर-125 से 127 तक पूरी 45 मीटर सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने और मयूर स्कूल के सामने बने बीओटी टॉयलेट के सुधार व साइनज व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।
इस निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।





Users Today : 23
Users Yesterday : 44