ग्वालियर 26 नवम्बर 2021/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के 27 नवम्बर को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा आज प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया। जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में इस दिन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले स्वदेश के स्वर्ण जयंती समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक डॉ. मोहन भागवत का दृष्टिबोधन होगा। साथ ही इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य क्षेत्र के क्षेत्र संघ चालक श्री अशोक साहिनी भी उपस्थित रहेंगे।
संभागीय आयुक्त श्री आशीष सक्सेना, पुलिस महानिरीक्षक श्री अविनाश शर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राजेश हिंगणकर, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल एवं अपर जिला दण्डाधिकारी श्री इच्छित गढ़पाले सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अटल सभागार पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पहले सभी अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन, सरोद घर एवं अन्य स्थलों का भी जायजा लिया।