ग्रेटर नोएडा में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 33 लाख की साइबर ठगी
Pankaj Tiwari (Editor)
ग्रेटर नोएडा में साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर एक व्यक्ति से 33 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित को एक वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए संपर्क में लाया गया, जहां उसे निवेश से जुड़ी जानकारी और ट्रेनिंग दी गई।
आरोपियों ने खुद को भारतीय और अमेरिकी शेयर मार्केट का जानकार बताते हुए पीड़ित का भरोसा जीता। इसके बाद उसे एक मोबाइल एप्लिकेशन पर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा गया। भरोसे में आने के बाद पीड़ित ने अपने और पत्नी के नाम पर दो अकाउंट खोलकर अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर कर दी।
शुरुआत में मुनाफे के नाम पर एक छोटी राशि निकालने दी गई, जिससे पीड़ित का विश्वास और बढ़ गया। लेकिन जब उसने बड़ी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपी संपर्क से बाहर हो गए।
मामले की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई गई है। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




