नोएडा। नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसा सेक्टर-31 में एलिवेटेड रोड के नीचे रात करीब 11:45 बजे हुआ, जहां टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे कार चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
इस हादसे में बरौला निवासी अशोक शर्मा घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।




