भोपाल। शहर में एक पूर्व रेलकर्मी को कथित ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला निशातपुरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी पर तीन लाख रुपये की मांग करने का आरोप है।
Table of Contents
Toggleशिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के मुताबिक जहांगीराबाद निवासी शाहजेब खान उर्फ जिब्बी ने 26 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी सोशल मीडिया पर बदनाम न करने के बदले तीन लाख रुपये की मांग कर रहा था।
इसके बाद पुलिस ने योजना बनाकर कथित डील के लिए आरोपी को निशातपुरा क्षेत्र में बुलाया, जहां उसे हिरासत में ले लिया गया।
ड्रग और हथियार बरामद होने का दावा
पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी के पास से करीब दो ग्राम एमडी ड्रग और एक अवैध फायर आर्म्स बरामद किया गया है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
सोशल मीडिया पर सक्रिय था आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी स्वयं को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताता था और विभिन्न लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए वीडियो जारी करता था। वह कुछ स्थानीय समूहों और कथित अवैध गतिविधियों को उजागर करने का दावा भी करता रहा है।
पुराने मामलों का भी जिक्र
सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में दुष्कर्म और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में भी प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पहले भी आया था चर्चा में
कुछ समय पहले शहर में हुई प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान आरोपी सार्वजनिक रूप से सामने आया था और खुद को पीड़ित बताते हुए बयान दिए थे। उस समय उसके आरोपों की जांच की गई थी, लेकिन ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए थे।
फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान आना बाकी है।




