मथुरा के बरसाना क्षेत्र में स्थित राधा बल्लभ मंदिर के पुजारी पर रविवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुजारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंदिर के पुजारी मोहन दास उर्फ गूंगा बाबा रविवार सुबह करीब नौ बजे शृंगार आरती संपन्न कराने के बाद मंदिर परिसर में बने अपने कमरे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके गले और पेट पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह करीब 10:30 बजे कुछ श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे। पुजारी को खून से लथपथ हालत में देखकर लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। उन्हें केडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, हालांकि अब तक किसी संदिग्ध की स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई है।
इस मामले में पुजारी के गुरु वैष्णव दास की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं।




