ग्वालियर।विगत वर्ष 2021 में कोरोना की द्वितीय लहर के दौरान आपने ग्वालियर पुलिस का बहुत साथ दिया है एवं उत्साहवर्धन किया है। मैं पुनः उन छोटे-बड़े व्यवसायियों का धन्यवाद देता हॅूं जिन्होने कोरोना महामारी की द्वितीय लहर के दौरान शहर में आई ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिये अपनी फर्म व फैक्ट्रियों से ऑक्सीजन सिलेण्डर निकालकर पुलिस को उपलब्ध कराये, जिससे विपदा की घड़ी में कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
महिला सुरक्षा को लेकर हम बहुत संवेदनशील हैं और वर्ष 2022 में महिला सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाना हमारा प्रमुख एजेण्डा रहेगा। वर्ष 2020 की तुलना में वर्ष 2021 में महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं में कमी आई है, जिसे और अधिक सुदृढ़ करना है। इसी अनुक्रम में आज एक पिंक निर्भया मोबाइल सेवा ग्वालियर पुलिस द्वारा शुरू की गई है। जिसे आज पुलिस कन्ट्रोल रूम ग्वालियर से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस पिंक निर्भया मोबाइल के जरिए छेड़छाड़ करने वालों पर शिकंजा कसा जा सकेगा। पिंक निर्भया मोबाइल भीड़ वाले क्षेत्रों के अलावा स्कूल, कालेज, पार्कों व ऐसे स्थानों पर पेट्रोलिंग करेगी, जहां शरारती तत्वों के जमा होने की आशंका रहती है। कुछ शरारती तत्व पान व चाय की गुमठी पर खड़े होकर छात्राओं पर कमेंट्स करते हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ भी पिंक निर्भया मोबाइल कार्यवाही करेगी। इस मोबाइल में महिला पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को ही तैनात किया जाएगा। जिससे महिलाओं तथा लड़कियों को पुलिस से संवाद स्थापित करने में संकोच ना हो और वे अपनी परेशानियां खुलकर पुलिस को बता सकें। ग्वालियर पुलिस द्वारा किया गया यह प्रयास यदि सफल होता है तो भविष्य में इसी प्रकार की पिंक निर्भया मोबाइल और भी चलाई जाएंगी।