मणिपुर/ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीन हथियारबंद बदमाशों ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे छुट्टी पर आए एक सिपाही को उसके घर से अगवा किया। फिर सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक जवान की पहचान सेर्टो थांगथांग कोम के रूप में हुई है। वो इंफाल पश्चिम के तरुंग के रहने वाले थे। उनकी पोस्टिंग मणिपुर के ही कांगपोकपी जिले के लीमाखोंग में सेना की डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स (DSC) प्लाटून में सिपाही के तौर पर थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपहरण की घटना के दौरान जवान का 10 साल का बेटा वहां पर मौजूद था। उसने बताया कि जब वो और उसके पिता बरामदे में काम कर रहे थे, तब तीन लोग उनके घर में दाखिल हुए थे। हथियारबंद लोगों ने जवान के सिर पर पिस्तौल रख दी और उसे एक सफेद गाड़ी में जबरदस्ती डालकर ले गए।
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि रविवार सुबह तक जवान की कोई खबर नहीं थी। सुबह 9:30 बजे के आसपास उसका शव इंफाल पूर्व में खुनिंगथेक गांव में मिला। उसके भाई और बहनोई ने उसकी पहचान की। उन्होंने बताया कि जवान के सिर पर एक गोली का घाव था।
मृतक जवान के परिवार में उसकी पत्नी, बेटी और बेटा हैं। अधिकारियों का कहना है कि जवान का अंतिम संस्कार परिवार की इच्छा के अनुसार किया जाएगा। सेना ने परिवार की मदद के लिए एक टीम भी भेजी है।